पश्चिम बंगाल के बीरभूम में सैंथिया स्टेशन पर आज तड़के सियालदह जाने वाली उत्तरबंग एक्सप्रेस ने वनांचल एक्सप्रेस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी जिससे करीब 55 यात्रियों के मारे जाने और 150 से अधिक के घायल होने की आशंका है.
कोलकाता में पूर्वी रेलवे सूत्रों ने कहा कि हादसे में वनांचल एक्सप्रेस के 55 यात्री मारे गये हैं. तेज गति से आ रही उत्तरबंग एक्सप्रेस ने सिग्नल को नजरंदाज करते हुए वनांचल एक्सप्रेस को टक्कर मार दी.
सूत्रों ने कहा कि मृतकों में 39 पुरुष, आठ महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं. वनांचल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पांच घंटा देरी से चल रही थी.
अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि वनांचल एक्सप्रेस के तीन कोच, दो अनारक्षित डिब्बे और एक लगेज वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं. कुछ क्षतिग्रस्त कोच तो फुट ओवरब्रिज के करीब पहुंच गये हैं. जीआरपी सूत्रों ने कहा कि 150 यात्री घायल हुए हैं. बहरहाल पुलिस अधीक्षक हुमायूं कबीर ने कहा कि 130 यात्री घायल हुए हैं.
रेल मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि पूर्वी रेलवे के संरक्षा आयुक्त आरपी यादव हादसे की जांच करेंगे. सैंथिया स्टेशन कोलकाता से करीब 191 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. पूर्वी रेलवे सूत्रों ने कहा कि दुर्घटना तड़के 1.54 बजे हुई जब न्यू कूचबिहार सियालदह उत्तरबंग एक्सप्रेस ने उसी ट्रैक पर भागलपुर रांची वनांचल एक्सप्रेस को पीछे से टक्कर मार दी जो सैंथिया स्टेशन से प्लेटफार्म संख्या चार से रवाना हो रही थी.
No comments:
Post a Comment